
कविता: कौन होता है घुसपैठिया?
भारत में घुसपैठियों के ख़िलाफ़ केंद्र सरकार के एनआरसी और सीएबी जैसे सघन अभियानों के बीच गौरव जोशी की कविता एक सवाल पूछ रही है, 'कौन होता है घुसपैठिया?' इसका जवाब तलाशते तलाशते कहीं आप अपने ही घरों तक ना पहुंच जाएं.
- गौरव जोशी

कौन होता है घुसपैठिया? म्यांमार से बांग्लादेश पहुंचा रोहिंग्या? या भारत में रह रहा बांग्लादेशी? कबूतरबाज़ी से अमेरिका पहुंचे भारतीय, जो खुद उठाते हैं सस्ते कामों का बोझ?
ख़ुद अमेरिकी भी घुसपैठिए तो नहीं, जिन्होंने मिटा दिया 'रेड इंडियनों' का वजूद? नाटो के हमले से भागते अफ़गान, ईराकी? ये सब घुसपैठिए हैं क्या?
'एलेन कुर्दी' की समंदर पर पड़ी लाश क्या नहीं पूछती घुसपैठ के मायने?
क्या श्रीलंकाई चाय बाग़ानों में पत्ते तोड़ते तमिल जो बस गए थे वहीं, सभी कहलाते हैं घुसपैठिये?
आदिवासियों को जंगलों से बेदख़ल करने वाले क्यों नहीं कहे जाते घुसपैठिये?
क्या है आख़िर घुसपैठ?
अफ्रीका से फ़ैली मानव जाति की लहर जो कर बैठी है घुसपैठ हर जगह... ?